📰 पूरी खबर:

पन्ना जिले में पवई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले पाँच वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना पवई, कोतवाली पन्ना और धरमपुर के कुल 08 आपराधिक प्रकरणों में वांछित था।

पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत पवई पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी कोमल अहिरवार उर्फ विनय वर्मा, पिता राजकरण वर्मा, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम शिमौनी सिंगपुर, थाना तिंदवारी, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश), थाना पवई के अपराध क्रमांक 559/2020, 13/2021, 34/2021 और 89/2021 सहित घर में घुसकर चोरी के मामलों में वांछित था। इसके अलावा वह कोतवाली पन्ना के 03 और थाना धरमपुर के 01 प्रकरण में भी फरार चल रहा था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह एवं एसडीओपी भावना दांगी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जानकारी और लगातार दबिश के आधार पर पुलिस ने आरोपी को 22 मई 2026 को बरेरू, जिला बांदा से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की जा रही है।