📰 पूरी खबर:
देवास | रिपोर्ट: दिलीप सोलंकी
देवास। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत देवास पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बरोठा पुलिस ने अवैध शराब से संबंधित मामले में पिछले लगभग 05 माह से फरार चल रहे आरोपी प्रमोद जायसवाल को जिला इंदौर से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत द्वारा 01 नवम्बर 2024 से पूरे जिले में “ऑपरेशन हवालात” की शुरुआत की गई थी, जिसके अंतर्गत लंबे समय से फरार इनामी एवं गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत अपराध क्रमांक 12/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में वांछित आरोपी प्रमोद जायसवाल पुलिस गिरफ्त से बचता हुआ फरार चल रहा था। मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (एल/आर) बबीता बामनिया के निर्देशन में थाना प्रभारी बरोठा सविता सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
टीम द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी इंदौर में मौजूद है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि देवास पुलिस द्वारा “ऑपरेशन हवालात” के तहत 01 नवम्बर 2024 से अब तक कुल 1158 फरार, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर कुल 1,90,500 रुपये का इनाम घोषित था।