📰 पूरी खबर:
शाजापुर। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने एवं लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम शाजापुर में एसपी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के साथ हुई, जहां निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य करने पर जिला पुलिस लाइन सहित चार थानों को आईएसओ सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। इसमें थाना सुंदरसी, थाना सलसलाई, थाना मोहन बड़ोदिया एवं थाना मक्सी शामिल हैं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
बैठक में महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। वहीं युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए जिले में नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने एवं कोटपा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात भी कही गई।
अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से चिन्हित अपराधों की सतत मॉनिटरिंग कर शत-प्रतिशत सजायाबी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। एसपी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज आरोपियों के डोजियर तैयार करने, गिरफ्तारी एवं जमानती वारंटों की समय सीमा में तामीली सुनिश्चित करने तथा साक्षियों को न्यायालय में नियत तिथि पर उपस्थित कराने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों के मामलों में भी पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता दिखाते हुए साइबर सेल द्वारा होल्ड कराई गई राशि को जल्द से जल्द फरियादियों को वापस दिलाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लंबित अपराधों एवं चालानों के शीघ्र निराकरण पर भी विशेष बल दिया गया।
आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने शासकीय वाहनों में बलवा ड्रिल एवं अश्रुगैस संबंधी सामग्री अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
— किशोर नाथ राजगुरु
एमपी संवाददाता, शाजापुर
मो. 9893904117