📰 पूरी खबर:
नीमच जिले से रात्रि चौपाल में उठी जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की बड़ी खबर सामने आई है। ग्राम टामोटी में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की उपस्थिति में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा जल निगम से संबंधित दो प्रमुख समस्याएं रखी गई थीं, जिन पर प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई की है।
पहला मामला ग्राम दंतलाई का है, जहां पाइप लाइन सुधार को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन दिया था। इस पर जल निगम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए कांक्रीट रैंप का निर्माण कार्य पूर्ण कर दिया गया है।
वहीं दूसरा मामला ग्राम शिवपुरिया मंदिर वाला का है, जहां पेयजल समस्या के समाधान के लिए पाइप लाइन बिछाने का आवेदन प्राप्त हुआ था। इस पर जल निगम द्वारा सीसी रोड पर कटर मशीन से कटिंग कर दी गई है और पाइप लाइन बिछाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर किया जा सके। यह जानकारी जल निगम के महाप्रबंधक श्री धीरेंद्र बिजोरिया द्वारा दी गई है।
रिपोर्ट- हिमांशु राजोरा