📰 पूरी खबर:

अनुपपूर। जिले में लगातार बढ़ रही अत्यधिक गर्मी, तेज धूप और हीटवेव (लू) के प्रकोप को देखते हुए कलेक्टर हर्षल पंचोली ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। आदेश के तहत जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले छोटे बच्चों के लिए तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित कर दिया गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार स्थानीय स्तर पर 25 मई से 31 मई 2026 तक बच्चों के लिए अवकाश रहेगा। इसके बाद 01 जून से 15 जून 2026 तक शासन स्तर से निर्धारित ग्रीष्मकालीन अवकाश प्रभावी रहेगा। इस प्रकार आगामी 15 जून तक आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति नहीं रहेगी और सभी केंद्र 16 जून 2026 से अपने निर्धारित समय पर पुनः संचालित होंगे।

हालांकि, अवकाश अवधि केवल बच्चों के लिए लागू रहेगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रतिदिन सुबह 08:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक केंद्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा। इस दौरान वे विभागीय रिकॉर्ड संधारण, दस्तावेजों के अद्यतन और अन्य शासकीय कार्यों का निष्पादन करेंगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए अवकाश अवधि में भी पात्र हितग्राहियों को आरटीई (रेडी टू ईट) पूरक पोषण आहार का वितरण नियमित रूप से जारी रहेगा। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे जिले में लागू कर दिया गया है।