📰 पूरी खबर:

तराना। तराना एवं कायथा थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र में लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय पत्रकारों, सामाजिक संगठनों एवं हिन्दू संगठनों ने आरोप लगाया है कि दोनों थानों द्वारा मीडिया से दूरी बनाकर रखी जा रही है तथा महत्वपूर्ण घटनाओं, प्रेस नोट एवं शांति समिति की बैठकों की जानकारी समय पर पत्रकारों को उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है।

स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि प्रशासनिक गतिविधियों एवं पुलिस विभाग से संबंधित जानकारियां चुनिंदा लोगों तक सीमित रखी जा रही हैं, जिससे पारदर्शिता प्रभावित हो रही है। इस विषय को लेकर तराना प्रेस क्लब ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।

वहीं सामाजिक एवं हिन्दू संगठनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। क्षेत्र में पुलिस एवं मीडिया के बीच समन्वय की कमी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

सूत्रों के अनुसार तराना प्रेस क्लब जल्द ही पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक उज्जैन से करेगा। प्रेस क्लब द्वारा इस संबंध में शिकायत मेल आईडी पर भी भेजी गई है।

जब इस विषय में पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तब उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया।