📰 पूरी खबर:

अनूपपुर। जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम बिजौरा के समीप अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। सभी ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए पड़मनिया से ग्राम बिजौरा जा रहे थे, तभी उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देश पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों के उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी शुरू कर दी। कलेक्टर स्वयं शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को सभी घायलों को बेहतर और उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने बताया कि हादसे में मृत नागरिकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि से 4-4 लाख रुपये तथा संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।