📰 पूरी खबर:

शुजालपुर। किसानों को मजबूत तकनीक और वर्षों तक निर्बाध सेवा का भरोसा दिलाने वाली सोलर कंपनी के दावों पर ग्राम पंचदेहरिया में सवाल खड़े हो गए हैं। खेत में स्थापित सोलर सिस्टम का पैनल मामूली हवा चलने पर ही जमीन पर गिर गया, जिससे उसकी गुणवत्ता और स्थापना कार्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचदेहरिया निवासी किसान विक्रम सिंह परमार ने अपने खेत पर सोलर सिस्टम लगवाया था। किसान को उम्मीद थी कि इससे सिंचाई और बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी, लेकिन कुछ समय बाद ही सोलर पैनल गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।

किसान का कहना है कि घटना के समय कोई तेज आंधी या तूफान नहीं आया था। सामान्य हवा चलने के दौरान ही पैनल अपनी जगह से उखड़कर नीचे आ गिरा। ऐसे में सोलर सिस्टम की मजबूती और उसके इंस्टॉलेशन की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

कंपनियां अपने प्रचार-प्रसार में सोलर सिस्टम को मौसम की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम और लंबे समय तक टिकाऊ बताती हैं। ऐसे में सामान्य मौसम की स्थिति में पैनल का गिरना किसानों के बीच चिंता का विषय बन गया है।

इस घटना ने न केवल सोलर सिस्टम की गुणवत्ता बल्कि स्थापना कार्य की निगरानी और सुरक्षा मानकों को लेकर भी कई प्रश्न खड़े कर दिए हैं। किसानों का कहना है कि यदि सामान्य हवा में ही पैनल गिर सकता है, तो तेज आंधी, बारिश या अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों में इसकी स्थिति क्या होगी।

अब सभी की नजर इस बात पर है कि संबंधित कंपनी इस मामले में क्या कदम उठाती है। क्या कंपनी नुकसान की जिम्मेदारी स्वीकार कर किसान को राहत देगी, या फिर उसे अपने हाल पर छोड़ दिया जाएगा? फिलहाल पंचदेहरिया में एक ही सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है—"जब इतनी सी हवा में ही ‘शक्ति’ जमीन पर आ गई, तो फिर कंपनी के दावों में आखिर कितनी ताकत बची है?"