📰 पूरी खबर:

देवास। सिंहस्थ-2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के तहत पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिला देवास में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 जून 2026 से प्रारंभ हुआ, जिसमें विभिन्न इकाइयों के पुलिस कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री हरनारायण बाथम उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन तथा आमजन से समन्वय स्थापित करना अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इन सभी विषयों पर पुलिस बल को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पुलिस बल, होमगार्ड, विशेष सशस्त्र बल एवं विशेष शाखा के कुल 62 पुलिस कर्मचारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिंहस्थ मेले के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न चुनौतियों तथा उनके प्रभावी समाधान के संबंध में व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी।

देवास पुलिस द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने, पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ाने तथा विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

रिपोर्ट: दिलीप सोलंकी, देवास