📰 पूरी खबर:

खरगोन। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से खरगोन पुलिस ने अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद हॉल में छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिद्धार्थ बहुगुणा की उपस्थिति में किया गया।

प्रशिक्षण शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सिंहस्थ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र एवं दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खरगोन जिला प्रमुख प्रवेश मार्ग रहेगा। वहीं धार्मिक एवं पर्यटन नगरी महेश्वर भी सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं का प्रमुख केंद्र बनेगी। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।

टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ द ट्रेनर्स) मॉडल के तहत जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रथम चरण में 83 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जो आगे अन्य पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित करेंगे।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल, एसडीओपी रोहित लखारे सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आर मध्य प्रदेश न्यूज
"सच के साथ, हर पल आपके साथ"