📰 पूरी खबर:

अनूपपुर। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य श्री प्रियंक कानूनगो ने कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में मानव अधिकार एवं समावेशी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानव अधिकारों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता एवं सुचिता के साथ पहुंचाया जाए।

बैठक में श्री कानूनगो ने स्वास्थ्य सेवाओं, दिव्यांग कल्याण, यूडीआईडी कार्ड निर्माण, नवजात शिशुओं के उपचार हेतु संचालित एनआरसी एवं न्यूबॉर्न केयर यूनिट की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने आयोग द्वारा मांगी गई जानकारी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने तथा पीड़ितों को त्वरित राहत एवं न्याय प्रदान करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की गतिविधियों की जानकारी दी गई। बताया गया कि जिले में 7,793 स्व-सहायता समूह एवं 14 संकुल स्तरीय संगठन कार्यरत हैं, जिनसे 83,885 परिवार जुड़े हुए हैं। पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में कोदो-कुटकी एवं बेकरी उत्पादों के ऑनलाइन विपणन, बीजापुरी काष्ठ शिल्प, सिलाई केंद्रों, मत्स्य उत्पादन, गोंडी चित्रकला एवं जंगली मधुमक्खी शहद संग्रहण जैसी गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा दिया जा रहा है।

श्री कानूनगो ने पॉक्सो एक्ट, असंगठित मजदूरों के कल्याण, कौशल विकास योजनाओं, पोषण आहार वितरण, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति, किशोर न्याय बोर्ड, वन स्टॉप सेंटर तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों की भी समीक्षा की। उन्होंने लामा बच्चों की स्थिति के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

बैठक में जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत छात्रवृत्ति वितरण, एट्रोसिटी एक्ट के तहत राहत राशि, छात्रावास संचालन एवं विद्यालयों में प्रवेश की स्थिति की समीक्षा की गई। श्री कानूनगो ने अमरकंटक नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा भूमिहीन कर्मचारियों को भी शासन की गाइडलाइन अनुसार योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने नर्मदा नदी संरक्षण, स्वच्छता एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने पर बल दिया। अधिकारियों ने बताया कि नर्मदा तटवर्ती पंच ग्रामों में नर्मदा पथ का विकास, पौधरोपण तथा यात्रियों की सुविधा हेतु सामुदायिक स्वच्छता परिसरों एवं भवनों का निर्माण कराया गया है।

प्रधानमंत्री जनमन योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में चिन्हित 3,686 परिवारों को योजना का लाभ दिया गया है, जिनमें से 3,464 आवास पूर्ण हो चुके हैं। श्री कानूनगो ने खेत तालाब योजना के अंतर्गत टमाटर सहित लाभकारी फसलों की खेती को बढ़ावा देने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री कमलेश पुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।