📰 पूरी खबर:

क्या 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा एक पुल लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा है? क्या निर्माण पूरा होने से पहले ही सामने आ गई है ऐसी तकनीकी खामी, जो भविष्य में बड़े हादसे की वजह बन सकती है?

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले से सामने आई तस्वीरों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खरमेर नदी पर बन रहे पुल के एप्रोच रोड पर करीब 90 डिग्री का तीखा मोड़ बनाया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि निरीक्षण के दौरान खुद विधायक ओमप्रकाश धुर्वे भी नाराज हो गए। देखिए ये रिपोर्ट…

डिंडौरी जिले के अमरपुर विकासखंड में खरमेर नदी पर लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। इस पुल से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है, लेकिन निर्माण के दौरान सामने आई एक गंभीर तकनीकी खामी ने पूरे प्रोजेक्ट को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।

निरीक्षण के लिए पहुंचे शाहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की नजर जैसे ही पुल के एप्रोच रोड पर पड़ी, वे हैरान रह गए। एप्रोच मार्ग पर बनाया जा रहा लगभग 90 डिग्री का तीखा मोड़ सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रहा है। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि आखिर किस तकनीकी मानक और डिजाइन के आधार पर इस तरह का निर्माण किया जा रहा है।

विधायक ने साफ कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तत्काल तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।

मामला सामने आने के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों ने भी स्थल का निरीक्षण किया और डिजाइन की तकनीकी समीक्षा कराने का भरोसा दिया।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट में ऐसी तकनीकी खामी आखिर कैसे रह गई? क्या निर्माण एजेंसी ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की है? और यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो क्या यह पुल भविष्य में दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है?

फिलहाल अधिकारियों ने जांच और सुधार का आश्वासन दिया है, लेकिन स्थानीय लोगों को अब कार्रवाई का इंतजार है।

4 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पुल… एप्रोच रोड पर 90 डिग्री का मोड़… और सुरक्षा को लेकर उठते गंभीर सवाल। डिंडौरी से सामने आया यह मामला निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं और क्या इस पुल को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

रिपोर्ट: किशोर राजगुरु, आर मध्य प्रदेश न्यूज़, डिंडौरी।