📰 पूरी खबर:

शाजापुर जिले के सलसलाई क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ रात्रि 9 बजे मेन बाजार स्थित एक रिहायशी इलाके में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ धमाके के तुरंत बाद ही ट्रांसफार्मर से आग की लपटें उठने लगीं, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय निवासियों में डर का माहौल व्याप्त हो गया। रिहायशी इलाका होने के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। धमाके के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर पूरे नगर की बिजली आपूर्ति को बाधित कर दिया गया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग के आने से पहले ही ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल आग बुझने के बाद स्थिति नियंत्रण में है। बिजली विभाग अब यह जांच कर रहा है कि आखिर ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट किस वजह से हुआ। अभी फिलहाल पूरे नगर की बिजली व्यवस्था बाधित है