📰 पूरी खबर:

अनूपपुर //वेद शर्मा//- जैतहरी, 08 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 की थीम "प्रकृति से प्रेरित, जलवायु और हमारे भविष्य के लिए" के अनुरूप एमबी पावर (मध्यप्रदेश) लिमिटेड, जैतहरी द्वारा 22 मई से 07 जून 2026 तक पर्यावरण पखवाड़े का आयोजन किया गया, जिसका सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सहभागितापूर्ण एवं जागरूकता आधारित गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पर्यावरण पखवाड़े के दौरान जैतहरी से दीपक नगर टाउनशिप तक प्रदूषण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी, पोस्टर पेंटिंग, नारा लेखन, भाषण प्रतियोगिता एवं सामूहिक पौधारोपण जैसे विभिन्न रचनात्मक और सहभागितापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों में कंपनी के कर्मचारियों, श्रमिकों, दीपक नगर टाउनशिप की महिलाओं तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कंपनी प्रबंधन द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दीपक नगर टाउनशिप निवासी श्रीमती स्नेहलता परीदा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण में गृहणियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक परिवार अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

08 जून 2026 को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, शहडोल के क्षेत्रीय अधिकारी श्री अशोक कुमार तिवारी तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अनूपपुर के प्रभारी अधिकारी श्री श्रेयांश पांडे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी के सीओओ एवं प्लांट हेड ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए रचनात्मक पोस्टरों तथा पर्यावरण के प्रति उनकी गहन समझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति विकसित हो रही जागरूकता और संवेदनशीलता एक हरित एवं सतत भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि कंपनी पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए सतत विकास एवं हरित पहल को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कंपनी के एचआर एवं प्रशासन प्रमुख ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव हमें यह सोचने के लिए विवश करते हैं कि कहीं हमारी आवश्यकताएं हमारी सीमाओं से अधिक तो नहीं हो गई हैं। उन्होंने सभी से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु जागरूक और जिम्मेदार बनने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि श्री अशोक कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ पर्यावरण मानव अस्तित्व और सतत विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्लास्टिक प्रदूषण को वर्तमान समय की प्रमुख पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक बताते हुए उन्होंने इसके दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने नागरिकों से दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पुन: उपयोग योग्य एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।

कंपनी के ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस प्रमुख ने अपने संबोधन में प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता एवं उनके घटते भंडार से संबंधित आंकड़े साझा करते हुए कहा कि ऊर्जा उत्पादन में संसाधनों का विवेकपूर्ण और जिम्मेदार उपयोग समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का संचालन कंपनी के पर्यावरण एवं सुरक्षा विभाग प्रमुख श्री भोला प्रसाद कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 2026 की थीम ‘प्रकृति से प्रेरित, जलवायु और हमारे भविष्य के लिए’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पर्यावरण एवं सुरक्षा विभाग की टीम, जिसमें श्री मुकेश कुमार एवं श्री इमरान सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में श्री कुशवाहा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता में उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।