📰 पूरी खबर:
पवई। पवई को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई मजबूती मिली है। नगर के निवासी डॉ. विवेक तिवारी का चयन मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के माध्यम से चिकित्सा अधिकारी पद पर हुआ है। चयन के बाद उनकी पदस्थापना सिविल अस्पताल पवई में की गई है।
डॉ. विवेक तिवारी विद्युत विभाग के सेवानिवृत्त सहायक अभियंता व्ही.के. तिवारी के पुत्र हैं। साथ ही नगर के जाने माने चिकित्सक स्वर्गीय डॉक्टर बी के मिश्रा इनके नानाजी थे एवं समाज सेवी भाजपा नेता डॉक्टर अनुराग मिश्रा इनके मामा जी है उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पवई में प्राप्त की और चिकित्सा क्षेत्र में लगातार मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की है।
बताया गया कि डॉ. तिवारी फरवरी 2023 से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत शहरी स्वास्थ्य केंद्र मोहन्द्रा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में अनुबंधित चिकित्सा अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर अपनी अलग पहचान बनाई।
उनकी नियुक्ति पर नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि स्थानीय चिकित्सक के रूप में डॉ. तिवारी की नियुक्ति से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी तथा क्षेत्र के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार का लाभ मिलेगा।
डॉ. तिवारी की इस सफलता को पवई क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके अनुभव और समर्पण से सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का स्तर और बेहतर होगा।