📰 पूरी खबर:

अनूपपुर 19 जून 2026/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने बिजुरी स्थित दुग्ध शीतलन केंद्र (चिलिंग प्लांट) का निरीक्षण करते हुए स्थानीय दुग्ध उत्पादक समितियों के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने चिलिंग प्लांट को पुनः सक्रिय कर नियमित रूप से संचालित किए जाने की संभावनाओं, दुग्ध संकलन की वर्तमान स्थिति तथा किसानों की सहभागिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि चिलिंग प्लांट के सुचारू संचालन से क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को अपने उत्पाद के विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा तथा उन्हें दूध का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने समितियों के प्रतिनिधियों से सुझाव लेते हुए संचालन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी चर्चा की और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुग्ध समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्लांट को सक्रिय करने के लिए व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही दुग्ध संकलन बढ़ाने, गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए नियमित संवाद एवं सहयोग की व्यवस्था विकसित की जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रबंधक, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।