📰 पूरी खबर:

सरकार भले ही जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने का दावा कर रही हो, लेकिन विदिशा जिले की शमशाबाद तहसील के नटेरन क्षेत्र में ये दावे जमीन पर खोखले साबित होते नजर आ रहे हैं। यहां कई गांव भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।

नटेरन क्षेत्र के ग्रामीण इन दिनों पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं। गांवों में पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं होने से लोगों को निजी टैंकरों से पानी खरीदकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इसका अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच महिलाएं सिर पर बर्तन रखकर कई किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पूरा दिन पानी की व्यवस्था करने में ही निकल जाता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत गांवों में नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें पानी के लिए दर-दर न भटकना पड़े।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर पेयजल संकट को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को कब तक राहत मिल पाती है।

रिपोर्ट - नीतेश नामदेव, आर मध्यप्रदेश न्यूज।