📰 पूरी खबर:
सागर जिले के देवरी नगर में वार्ड की महिलाओं ने अपने ही पार्षद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिलाओं का कहना है कि नाली निर्माण और सफाई की समस्या को लेकर शिकायत करने पहुंचीं तो पार्षद ने उनकी बात सुनने के बजाय अभद्र व्यवहार किया। मामले को लेकर महिलाओं ने नगर पालिका पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मामला देवरी नगर के कौशल किशोर वार्ड का है, जहां वार्ड की कई महिलाएं नाली निर्माण और सफाई की समस्या को लेकर पार्षद दिलीप कोष्टी के निवास पर पहुंचीं। महिलाओं का आरोप है कि समस्या के समाधान की मांग करने पर पार्षद ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान उनके साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें वहां से भगा दिया गया। घटना से नाराज महिलाएं सीधे नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं और पार्षद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नगर पालिका परिसर में महिलाओं ने पार्षद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की समस्याओं का समाधान करना है, न कि उनका अपमान करना।
महिलाओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस मामले को लेकर नगर में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
अब देखना होगा कि प्रशासन महिलाओं की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
रिपोर्ट - मनोज मेहरा, आर मध्यप्रदेश न्यूज, देवरी, जिला सागर।