📰 पूरी खबर:
राजगढ़ जिले की बोड़ा पुलिस ने महज कुछ दिनों में 3 लाख रुपए की चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी जब्त कर लिए हैं। आइए देखते हैं यह रिपोर्ट।
राजगढ़ पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में बोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 17 जून को पचोर निवासी किसान राजेंद्र पाटीदार ने बोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम रोसला जागीर स्थित उनके खेत पर बने सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने बड़ी मात्रा में सोयाबीन, लहसुन और इन्वर्टर बैटरी चोरी कर ली है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर सेल की मदद ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को सुमेर उर्फ सुखराम राजपूत और मोहन राजपूत पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें पहले से जानकारी थी कि किसान के खेत वाले मकान में लंबे समय से ताला लगा हुआ है और वहां बड़ी मात्रा में फसल रखी हुई है। इसी का फायदा उठाते हुए उन्होंने रात के समय बोलेरो पिकअप और सोनालिका ट्रैक्टर की मदद से चोरी की योजना बनाई और मकान से सोयाबीन, लहसुन तथा अन्य सामान चुरा लिया।
चोरी के बाद आरोपियों ने कुछ उपज बाजार में बेच दी और उससे प्राप्त रकम अपनी परिचित महिला पुष्पाबाई मालवीय के पास सुरक्षित रखवा दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहन राजपूत उम्र 40 वर्ष, सुमेर उर्फ सुखराम राजपूत उम्र 38 वर्ष और पुष्पाबाई मालवीय उम्र 37 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
- पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 75 हजार रुपए नगद, 8 क्विंटल सोयाबीन, एक इन्वर्टर, वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप और सोनालिका ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान और वाहनों की कुल कीमत लगभग 22 लाख 95 हजार रुपए बताई जा रही है।
- -राजगढ़ एसपी अमित तोलानी
चोरी गया पूरा सामान वापस मिलने पर किसान राजेंद्र पाटीदार ने खुशी जताते हुए बोड़ा पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। साथ ही गांव की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अपने खर्च पर 50 हजार रुपए की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगवाने की घोषणा भी की है।
राजगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संवाददाता: रामबाबू चौहान
लोकेशन: राजगढ़
आर मध्यप्रदेश न्यूज़