📰 पूरी खबर:

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजगढ़ जिले में उत्साह और जनभागीदारी के साथ सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजगढ़ के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित हुआ, जिसमें राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

राजगढ़ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्टेडियम ग्राउंड राजगढ़ में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में प्रदेश शासन के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नारायण सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण किया गया तथा उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का श्रवण किया। इसके बाद प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में सभी ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए।

कार्यक्रम में अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, अर्द्धचक्रासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने इनके शारीरिक और मानसिक लाभों की भी जानकारी दी।

इस अवसर पर राज्य मंत्री श्री पंवार ने जिले में पदस्थ नव आरक्षकों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी करण सिंह भिलाला ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

संवाददाता : रामबाबू चौहान
लोकेशन : राजगढ़
आर मध्यप्रदेश न्यूज़