📰 पूरी खबर:
सायबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता हेतु 15 दिवसीय सेफ क्लिक 2.0 "S dinAFE CLICK - 2026" अभियान का पन्ना जिले में किया गया शुभारंभ
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बुधवार से संपूर्ण प्रदेश के साथ-साथ पन्ना जिला में भी साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता हेतु 15 दिवसीय विशेष अभियान "SAFE CLICK - 2026" (सुरक्षित क्लिक - सुरक्षित जीवन) का शुभारंभ किया गया। यह अभियान आगामी 08 जुलाई 2026 तक जिले के समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में प्रारंभ किए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को इंटरनेट, स्मार्टफोन एवं डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा समाज में "साइबर स्वच्छता (Cyber Hygiene)" की संस्कृति को बढ़ावा देना है। वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाओं को देखते हुए नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
अभियान के दौरान पन्ना पुलिस द्वारा ओटीपी फ्रॉड, सिम स्वैपिंग, सेक्सटॉर्शन, म्यूल अकाउंट्स, डिजिटल/होम अरेस्ट स्कैम, हैकिंग, पहचान की चोरी, फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, साइबर बुलिंग, गोपनीयता का उल्लंघन, डेटा चोरी, फर्जी जॉब एवं लोन फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड सहित विभिन्न साइबर अपराधों के तौर-तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।
जिला स्तर पर अभियान की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वन्दना चौहान को नियुक्त किया गया है, जबकि अनुभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की गतिविधियों का संचालन, निर्देशन एवं पर्यवेक्षण करेंगे। अभियान के अंतर्गत जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों, बैंक परिसरों, कोचिंग संस्थानों, हाट-बाजारों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों में प्रतिदिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा बृहद स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रमुख बाजारों, बस स्टैंडों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए तथा बैनर एवं फ्लेक्स के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त बसों, टैक्सियों, ई-रिक्शा एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों में साइबर जागरूकता संबंधी पम्पलेट एवं संदेश चस्पा किए गए तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जनसंपर्क कर नागरिकों को जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा साइबर सुरक्षा एवं जन-जागरूकता संबंधी एक विशेष वीडियो संदेश जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने, साइबर स्वच्छता अपनाने तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
पन्ना पुलिस की आमजन से विशेष अपील
पन्ना पुलिस समस्त नागरिकों से अपील करती है कि वे अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल, लॉटरी, पार्ट-टाइम जॉब, तत्काल लोन ,APK फाइल तथा अधिक लाभ का प्रलोभन देने वाले ऑनलाइन ऑफर्स से सावधान रहें। किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें।
यदि कोई नागरिक किसी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने पर धोखाधड़ी की राशि को संबंधित बैंक खातों में फ्रीज कराकर पीड़ित को राशि वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — SAFE CLICK - 2026 अभियान से जुड़ें और साइबर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनें।