📰 पूरी खबर:
राजगढ़ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित भैंसवा माता मंदिर एवं दूध तलाई, सारंगपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल समापन समारोह की तैयारियों के दृष्टिगत कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित सुरेश तोलानी ने सोमवार को कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत मैदानी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी के साथ लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भी हेलीपैड, मंच व्यवस्था एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, शौचालय, बैरिकेडिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित विभागों को समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा प्रत्येक व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री तोलानी ने कानून एवं शांति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए मैदानी अमले को आवश्यक दिशा - निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा प्रत्येक सेक्टर में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए सेक्टरवार मजिस्ट्रियल ड्यूटी भी निर्धारित की गई है। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के जिला एवं स्थानीय अधिकारी उपस्थित रहे।