प्रशासनिक
जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत 16 अप्रैल से स्वगणना प्रारंभ, कलेक्टर ने स्वगणना की सुगम सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की जिलेवासियों से की अपील
📅 21 Apr, 2026
📰 पूरी खबर:
अनूपपुर 21 अप्रैल 2026/ जिले में राष्ट्रीय जनगणना-2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारंभ 16 अप्रैल से हो चुका है। इस बार की जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह 'हाई-टेक' और पारदर्शी बनाते हुए शासन ने नागरिकों के लिए 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई है। इस क्रांतिकारी पहल के माध्यम से अब जिले के निवासी घर बैठे अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के जरिए स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सीधे तौर पर सहभागिता कर सकेंगे।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया मात्र नहीं है, बल्कि यह देश और जिले के उज्जवल भविष्य का आधार स्तंभ है। नागरिकों द्वारा दी गई एक-एक सटीक जानकारी आने वाले समय में जिले के स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अधोसंरचना (Infrastructure) के विकास की ठोस योजनाएं बनाने में आधार का काम करेगी। उन्होंने कहा कि नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान को अपनी जिम्मेदारी समझें और इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं।
युवाओं और शिक्षित वर्ग से विशेष आव्हान
स्व-गणना की सुविधा से न केवल नागरिकों के समय की बचत होगी, बल्कि डेटा की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी। इस प्रक्रिया के बाद नागरिकों को प्रगणक (Enumerator) के घर आने का इंतजार करने की अनिवार्यता नहीं रहेगी। कलेक्टर श्री पंचोली ने जिले के युवाओं और शिक्षित वर्ग से विशेष आग्रह किया है कि वे स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने के साथ-साथ अपने आसपास के बुजुर्गों और तकनीकी रूप से कम दक्ष लोगों को भी इस डिजिटल प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।
कैसे करें 'स्व-गणना'?
नागरिक शासन द्वारा निर्धारित आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर जाएं।अपना मोबाइल नंबर पंजीकृत करें और प्राप्त ओटीपी (OTP) के माध्यम से लॉग-इन करें। पोर्टल पर चाही गई आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें। फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्राप्त रेफरेंस नंबर को भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।
कलेक्टर ने जिले के सभी जिलेवासियों से अपील की है कि वे 'स्व-गणना' की इस सुगम सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और अनूपपुर जिले को इस राष्ट्रीय गौरव के कार्य में अग्रणी बनाएं।
इस खबर को शेयर करें: