📰 पूरी खबर:
इंदौर | रिपोर्टर: संतोष व्यास
भारतीय जनता पार्टी जिला इंदौर ग्रामीण की मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण वर्ग की समीक्षा बैठक मलयगिरि गार्डन में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा ने बताया कि संगठन की कार्ययोजना के अनुसार जिला, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में पूर्व कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाती है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा "मोदी जी के 12 साल बेमिसाल" अभियान 5 जून से 21 जून तक चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण, जनसंपर्क, मीडिया संवाद, जनकल्याण शिविर, प्रदर्शनी, प्रबुद्धजन सम्मेलन, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सांसद शंकर लालवानी ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीए सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
बैठक को विधायक मधु वर्मा, पूर्व मंत्री उषा ठाकुर, जिला प्रभारी शैलेंद्र डागा, अजय सिंह नरूका, रवि रावलिया एवं चिंटू वर्मा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने हाल ही में संपन्न प्रशिक्षण वर्ग की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और संस्कारों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
मीडिया प्रभारी विनोद चंदानी एवं राजेश शर्मा ने बताया कि आगामी कार्यक्रमों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता धन्नालाल पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पटेल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना सतीश मालवीय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवराज सिंह परिहार, सुभाष चौधरी, कंचन सिंह चौहान, उमा नारायण पटेल, घनश्याम नारोलिया, प्रेमसिंह ढाबली, जिला महामंत्री रामस्वरूप गहलोत, अंतर दयाल, वीरेंद्र आंजना, भरत आंजना सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।