📰 पूरी खबर:

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय इंदौर पर भाजपा जिला ग्रामीण में आयोजित पत्रकार वार्ता को भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर व जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा ने संबोधित किया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस राज्यसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद इस विषय को "नारी सम्मान" का मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि यह मामला नामांकन पत्र में महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाने से संबंधित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि एक महिला कार्यकर्ता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर उसने क्या कार्रवाई की और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए।

उषा ठाकुर ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस नेता कुसुम शिवकुमार रेड्डी पर एक महिला कार्यकर्ता द्वारा शोषण, ब्लैकमेल और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस प्रकरण में तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी मीनाक्षी नटराजन की भूमिका को लेकर भी प्रश्न उठे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व ने आरोपी को संरक्षण देने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि पीड़िता ने मीडिया को दिए साक्षात्कार में कांग्रेस नेतृत्व से कई बार सहायता की मांग करने का दावा किया था, लेकिन उसे कोई मदद नहीं मिली। ऐसे में कांग्रेस को बताना चाहिए कि महिला कार्यकर्ता की शिकायत को गंभीरता से क्यों नहीं लिया गया और संगठनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह चावड़ा ने कहा कि महिला सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र लगातार सामने आता रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महिला सम्मान पर उपदेश देने से पहले अपने नेताओं के बयानों और आचरण का आत्ममंथन करना चाहिए। देशभर में कांग्रेस नेताओं द्वारा महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियों और व्यवहार के अनेक उदाहरण सामने आए हैं।

चावड़ा ने कहा कि कांग्रेस आज मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त होने को महिला सम्मान से जोड़ने का प्रयास कर रही है, जबकि यह मामला निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और महत्वपूर्ण जानकारी छिपाने से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस को महिलाओं की शिकायतों पर कार्रवाई न होने और जवाबदेही तय न होने के सवालों का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि झूठ और दिखावे की राजनीति अधिक समय तक नहीं चलती। कांग्रेस को राजनीतिक नाटक करने के बजाय महिलाओं के प्रति अपने वास्तविक दृष्टिकोण और कार्यशैली को स्पष्ट करना चाहिए। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना केवल एक चुनावी घटना नहीं, बल्कि कांग्रेस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आलोक दुबे जिला महामंत्री रामस्वरूप गेहलोत जिला मीडिया प्रभारी विनोद चंदानी दीपक यादव चंकी शर्मा आदि उपस्थित थे।