📰 पूरी खबर:
सागर | रिपोर्टर: मनोज मेहरा
सागर नगर निगम के विट्ठल नगर वार्ड स्थित सार्वजनिक सुविधा घर की बदहाल स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी के संयुक्त सचिव लक्ष्मीकांत राज ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए सुविधा घर अब लोगों के लिए "असुविधा घर" बन गए हैं।
लक्ष्मीकांत राज ने बताया कि विट्ठल नगर वार्ड के सार्वजनिक शौचालय में व्यापक स्तर पर गंदगी फैली हुई है। नाली की उचित निकासी नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 6 सीटर शौचालय में से 3 सीटों पर दरवाजे ही नहीं हैं। ऐसे में लोगों को मजबूरी में तौलिया या कपड़ा लगाकर शौचालय का उपयोग करना पड़ता है, जिससे उनकी निजता प्रभावित हो रही है।
लक्ष्मीकांत राज के अनुसार इस समस्या की नगर निगम में करीब पांच बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल शौचालय की मरम्मत, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और जल निकासी की समस्या का समाधान करने की मांग की है।