R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

ट्रक और चने की दाल चोरी के एक बड़े मामले का महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने किया पर्दाफाश

Spread the love

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले की शुजालपुर सिटी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रक और चने की दाल चोरी के एक बड़े मामले का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी गया ट्रक और उसमें लदी करीब 6.6 टन चने की दाल सहित कुल 11 लाख 74 हजार 630 रुपये का मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
​घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, डाबरीपुरा निवासी फरियादी निखिल सोनी ने 9 जून को थाना शुजालपुर सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 जून की रात हनुमान गढ़ी मंदिर के पास खड़ा उसके मालिक भावसिंह मेवाड़ा का ट्रक क्रमांक MP 37 GA 1631 अज्ञात चोर चुरा ले गए हैं। इस ट्रक में लगभग 6.6 टन चने की दाल भरी हुई थी। चोरी गए माल और ट्रक की कुल कीमत 11,74,630/- रुपये थी। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(बी) के तहत अपराध क्रमांक 217/2026 दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया था।
​मामले की गंभीरता को देखते हुए शाजापुर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं अनुविभागीय अधिकारी निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में शुजालपुर सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पतारसी शुरू की। पुलिस टीम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप महज 24 घंटे के भीतर आरोपी राजेश उर्फ राज मेवाड़ा (उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बोलाई) और अविनाश मालवीय (उम्र 27 वर्ष, निवासी रायकनपुरा, शुजालपुर सिटी) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से शत-प्रतिशत मशरूका यानी चोरी गया ट्रक और चने की दाल बरामद कर ली है।
​पुलिस के अनुसार इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी जुगल बागरी (निवासी रायपुर रोड) और लखन भिलाला (निवासी ग्राम बोलाई) फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। इस पूरी त्वरित और बड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार पाठक, प्रधान आरक्षक योगेन्द्रसिंह गुर्जर, राजेन्द्र उपाध्याय, आरक्षक योगेन्द्रसिंह, रामबाबू सिसोदिया, रामेश्वर दांगी, रवि रघुवंशी तथा साइबर सेल के आरक्षक घनश्याम राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *