शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई 15 वर्षीय नाबालिग को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना में प्रयुक्त ओमनी वैन भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी अनुसार 22 जून को फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों को आशंका थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी। नाबालिग की शीघ्र बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक शाजापुर ने 5,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की थी।
ऐसे मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर की टीम ने सक्रियता दिखाई। साइबर सेल शाजापुर की तकनीकी मदद और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम झारला थाना कानड़, जिला आगर-मालवा से अपहृता को बरामद किया।
मौके से पुलिस ने आरोपी कमल पिता रतनलाल मालवीय और अरमान पिता जाकिर खान दोनों निवासी कानड़ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई ओमनी वैन को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल अभियान में थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर, उनि. कैलाश नारायण यादव, प्रधान आरक्षक मो. शरीफ, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौधरी, आरक्षक राहुल जाट, चालक आरक्षक विष्णु प्रसाद दांगी, आरक्षक अर्जुन बागड़ी, महिला आरक्षक राधिका राजपूत तथा साइबर सेल प्रभारी विकास तिवारी व उनकी टीम का योगदान सराहनीय रहा।
मोहन बड़ोदिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24 घंटे के भीतर अपहृत नाबालिग सकुशल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार











Leave a Reply