अनूपपुर 23 जून 2026/ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की संवेदनशील पहल से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित मासूम शिव कुमार टांडिया को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत बालक को उच्च स्तरीय उपचार हेतु भोपाल स्थित अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी ईको जांच एवं आवश्यक सर्जरी पूरी तरह निःशुल्क कराई जाएगी।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी के मार्गदर्शन में बालक को भोपाल भेजने की समुचित व्यवस्था की गई। शासन की मंशानुसार उपचार प्रक्रिया में आवागमन, आवश्यक जांचों एवं मेजर सर्जरी सहित सभी खर्च शासन द्वारा वहन किए जाएंगे, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात विकारों एवं गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी बच्चे का उपचार आर्थिक कारणों से प्रभावित न हो।
बालक के उपचार की पूरी प्रक्रिया के समन्वय में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. मोहन सिंह श्याम, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. के.के. बघेल तथा डॉ. एस.एन. पिटानिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं स्थानीय समाजसेवी श्री गौरव पनिका ने भी समय पर रैफरल एवं आवश्यक सहयोग प्रदान कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
जिला चिकित्सालय अनूपपुर प्रबंधन एवं आरबीएसके टीम ने बालक शिव कुमार के सफल ऑपरेशन और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि जिले में कोई भी बच्चा इलाज से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर स्क्रीनिंग एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है।











Leave a Reply