पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून
अनूपपुर 29 जून 2026/ पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2025-26 की छात्रवृत्ति हेतु MPTAAS पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं किया है वे अंतिम तिथि से पहले आवेदन कर दें। इसके साथ ही जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी संस्था में अध्ययनरत सभी पात्र विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति का आवेदन कराएं।
बीते 24 घंटे में जिले में 0.5 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज
अनूपपुर 29 जून 2026/अधीक्षक भू-अभिलेख अनूपपुर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में बीते 24 घंटे में 0.5 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान वर्षामापी केन्द्र कोतमा में 3 मिली मीटर तथा पुष्पराजगढ़ में 1.2 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई। वर्षामापी केन्द्र अनूपपुर, बिजुरी, जैतहरी, वेंकटनगर अमरकंटक तथा बेनीबारी में वर्षा निरंक दर्ज की गई।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के आहरण की दी मंजूरी
अनूपपुर 29 जून 2026/कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिला अनूपपुर के बिजुरी क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 14, गौटियान मोहल्ला, लोहसरा भाछा निवासी स्वर्गीय श्री रूपलाल केवट की दुर्घटना में मृत्यु होने के उपरांत उनकी पत्नी श्रीमती यशोदा केवट को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के आहरण एवं संवितरण की मंजूरी प्रदान की है। कलेक्टर द्वारा प्रदत्त स्वीकृति के अनुसार संबंधित विभाग को नियमानुसार सहायता राशि का आहरण एवं हितग्राही को वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह आर्थिक सहायता दुर्घटना से प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से स्वीकृत की गई है।
30 जून को जैतहरी ब्लॉक के ग्राम औढेरा में आयोजित होगा जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन कार्यक्रम
अनूपपुर 29 जून 2026/ जल गंगा संवर्धन अभियान- 2026 का जिला स्तरीय समापन एवं सम्मान समारोह 30 जून 2026 को अपराह्न 3:00 बजे से नवीन तालाब निर्माण स्थल ग्राम- औढेरा, जनपद पंचायत जैतहरी मे मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल जी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया है। उक्ताशय की जानकारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी में देते हुए बताया है कि समापन कार्यक्रम के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया जायगा। आयोजन के सफल क्रियान्वयन हेतु विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
जिले के 5 नगरीय निकायों को जुलाई माह हेतु किया गया गेहूं एवं फोर्टीफाईड चावल का आवंटन
अनूपपुर 29 जून 2026/खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय म.प्र. भोपाल द्वारा दीनदयाल अन्त्योदय रसोई योजनान्तर्गत माह जुलाई 2026 हेतु राशन सामग्री के लिए गेहूं 64.8 क्विंटल व फोर्टीफाईड चावल 16.2 क्विंटल कुल 81 क्विंटल खाद्यान्न का आवंटन जिले को उपलब्ध कराया गया है। जिसमें से जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती अनीता सोरते ने नगरपालिका कोतमा के उचित मूल्य दुकान कोतमा वार्ड 01 से 04 नगरपालिका को गेहूं 12 क्विंटल तथा चावल 3 क्विंटल, नगरपालिका अनूपपुर के उचित मूल्य दुकान अनूपपुर वार्ड 11 से 13 को गेहूं 4.8 क्विंटल तथा चावल 1.2 क्विंटल, नगरपालिका बिजुरी के उचित मूल्य दुकान बिजुरी वार्ड 02 से 06 को गेहूं 12 क्विंटल तथा चावल 3 क्विंटल, नगरपालिका पसान के उचित मूल्य दुकान पसान वार्ड 08 से 13 को गेहूं 12 क्विंटल तथा चावल 3 क्विंटल एवं नगर परिषद अमरकंटक के उचित मूल्य दुकान अमरकंटक वार्ड 8 से 15 नगरपालिका को गेहूं 24 क्विंटल तथा चावल 6 क्विंटल आवंटित किया है। योजनान्तर्गत गेहूं व चावल का प्रदाय एक रुपये प्रति कि.ग्रा. की दर से किया जाएगा।












Leave a Reply