R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

वर्षा जनित आपदाओं से निपटने हेतु समुचित सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं किया जाए सुनिश्चित-सीईओ जिला पंचायत

Spread the love

अनूपपुर 29 जून 2026- मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी पुल, पुलिया एवं रपटों का चिन्हांकन पूर्ण किया जाए तथा संभावित जलभराव एवं आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्माण विभाग से जुड़े अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्राम पंचायतों के सचिव, पटवारी, रोजगार सहायक तथा मैदानी अमला पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए तथा कहा कि संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी रखी जाए, आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव संबंधी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए समुचित समन्वय बनाए रखा जाए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी आज कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक अधिकारियों के निर्देशित कर रही थी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में हाथियों के भ्रमण के दौरान फसल, मकान, पशुधन अथवा जनहानि जैसी घटनाओं से प्रभावित लोगों को क्षतिपूर्ति राशि त्वरित एवं गंभीरता के साथ उपलब्ध कराई जाए। मुआवजा वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा संबंधित अधिकारी प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को हाथियों की गतिविधियों पर लगातार सघन निगरानी रखने, प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के जवाब केवल औपचारिकता के लिए अपलोड न किए जाएं, बल्कि तथ्यों पर आधारित एवं गुणवत्तायुक्त हों। संबंधित अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर चर्चा कर उनकी समस्याओं को समझें, उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक प्रकरण का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता बनाए रखें।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने बैठक के दौरान सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग से जनजाति आहार अनुदान योजना के अंतर्गत पोर्टल पर लंबित सत्यापन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों का सत्यापन शीघ्रता से पूर्ण कर योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत विद्यार्थियों का वन टाइम रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यार्थियों की अपार आईडी एवं आधार नामांकन से संबंधित कार्यों में तेजी लाने, विशेष शिविर आयोजित कर आधार कार्ड बनवाने तथा शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी छात्र को शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने बैठक में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के प्रभावी संचालन संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रत्येक चरण का गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की समय पर जांच, पहचान और उपचार संभव हो सके।
बैठक के दौरान उन्होंने पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त की और अभियान को शत-प्रतिशत सफलता के साथ संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रसूति सहायता योजना, सिकल सेल एनीमिया नियंत्रण अभियान, समग्र आईडी केवाईसी सहित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने बैठक में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए 5 जून से 30 सितंबर तक निर्धारित अवधि में जनभागीदारी के साथ अधिक से अधिक देशी प्रजातियों के पौधों का पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण करने तथा प्रत्येक पौधारोपण की जानकारी अंकुर पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अभियान के तहत किए गए कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 30 जून को आयोजित होने वाले जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय समापन समारोह की तैयारियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने बैठक में आगामी वर्षा ऋतु की तैयारियों, वर्षा की स्थिति एवं रिपोर्ट, जिले में स्थित जर्जर भवनों की वर्तमान स्थिति तथा आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बैठक में अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, डिप्टी कलेक्टर श्री कमलेश पुरी सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *