खरगोन। जिले के महेश्वर क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13.13 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब और एक लग्जरी महिंद्रा थार कार जब्त की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। आबकारी विभाग वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटा हुआ है।
आबकारी उपनिरीक्षक देवराज नगीना के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदौर की ओर से काले रंग की महिंद्रा थार कार में अवैध शराब की खेप महेश्वर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर ए.बी. रोड पर घेराबंदी की गई। टीम को देखते ही वाहन में सवार तस्कर कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर कार से 243 बल्क लीटर अवैध देशी और विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 25 पेटी देशी प्लेन मदिरा, एक पेटी मैकडोवेल व्हिस्की और एक पेटी लंदन प्राइड व्हिस्की शामिल है।
आबकारी विभाग के अनुसार जब्त शराब और महिंद्रा थार वाहन सहित कुल जब्त माल की अनुमानित कीमत 13 लाख 13 हजार 348 रुपये है। मामले में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश वाहन नंबर के आधार पर की जा रही है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Leave a Reply