R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

साइबर अपराध की रोकथाम एवं जागरूकता पर कार्यशाला आयोजित

Spread the love

अनूपपुर 06 जुलाई 2026/प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन तथा म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिला अधिवक्ता संघ कार्यालय अनूपपुर में पुलिस विभाग के समन्वय से साइबर अपराध के कारणों एवं रोकथाम विषय पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में कोतवाली थाना प्रभारी श्री अरविंद जैन ने साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, पहचान की चोरी, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग तथा अश्लील सामग्री के प्रसार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सदैव सतर्क रहना, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करना तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देना आवश्यक है। उन्होंने साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने एवं साइबर क्राइम के आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

जिला विधिक सहायता अधिकारी ने साइबर अपराध से संबंधित नि:शुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर से संपर्क करने तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 का उपयोग करने की जानकारी दी। इस अवसर पर अधिवक्ता संघ अध्यक्ष श्री संतोष सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए उपस्थितजनों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *