R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

रपटे या पुल-पुलिया पर बाढ़ का पानी हो तो पार न करें- कलेक्टर

Spread the love

अनूपपुर 06 जुलाई 2026 / प्रदेश सहित जिले में मानसून सक्रिय हो गया है। वर्षाकाल के दौरान नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आवागमन के दौरान यदि सड़क, नाले, रपटे या किसी भी पुल-पुलिया पर बाढ़ का पानी तेज गति से आ रहा हो, तो नागरिक उसे पार करने का प्रयास कतई न करें और जोखिमपूर्ण यात्रा करने से बचें।

​कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि वर्षा ऋतु में सजगता और सावधानी ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। जिले के ऐसे नदी-नाले, रपटे और छोटे-बड़े पुल-पुलिया, जहाँ बारिश का जलस्तर तेजी से बढ़ता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहाँ सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त सावधानियां बरती जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्षा के चलते जिले में किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान न होने पाए, इसके लिए सभी सजग रहकर कार्य करें।

​उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आवागमन के समय मार्ग की स्थिति का विशेष ध्यान रखें। जहाँ कहीं भी बारिश का पानी बढ़ रहा है या बाढ़ की स्थिति निर्मित हो रही है, वहाँ आने-जाने से पूरी तरह बचें। पानी के तेज बहाव में वाहन ले जाना या पैदल पार करना बेहद जोखिमभरा हो सकता है। कलेक्टर ने नागरिकों से संकट के समय धैर्य रखने और जिला प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *