R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान में गुणवत्तायुक्त फलदार पौधों के रोपण पर दें विशेष ध्यान – कलेक्टर

Spread the love

अनूपपुर 06 जुलाई 2026/ कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समय-सीमा पत्रों एवं विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालय परिसरों में गुणवत्तायुक्त एवं फलदार पौधों का रोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधों की खरीदी अधिकृत नर्सरियों से की जाए तथा पौधरोपण के उपरांत उनकी सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाए जाएं। उन्होंने वृक्षारोपण के बाद फोटो अपलोड कर प्रतिदिन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 1 से 8 तक के शेष बच्चों का नामांकन आगामी एक सप्ताह के भीतर अभियान मोड में शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 94.3 प्रतिशत बच्चों का नामांकन किया जा चुका है। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों से बच्चों के विद्यालयों में प्रवेश को प्राथमिकता बताते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के समन्वय से विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तक एवं साइकिल वितरण के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जिले में हाथियों के भ्रमण के दौरान फसल, मकान, पशुधन अथवा जनहानि से प्रभावित व्यक्तियों को क्षतिपूर्ति राशि त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मुआवजा वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों को हाथियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा हाथी मूवमेंट से संबंधित घटनाओं की दैनिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वर्षा ऋतु में संभावित प्राकृतिक आपदाओं एवं जनहानि की घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए आकाशीय बिजली, सर्पदंश, मकान क्षति एवं पशुहानि से संबंधित घटनाओं की दैनिक रिपोर्टिंग पटवारियों द्वारा तथा उसकी मॉनिटरिंग तहसीलदारों द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा ऋतु में जलजनित रोगों एवं संक्रमण की संभावनाओं को देखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों को जल जीवन मिशन सहित जिले के सभी ग्रामीण एवं शहरी जल स्रोतों की जांच तथा क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर राहत, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में श्रम विभाग की अनुग्रह सहायता राशि, संबल पंजीयन एवं अपील के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों एवं संबंधित अन्य अधिकारियों को अभियान मोड में कार्य कर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग से खाद एवं बीज के भंडारण एवं वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की।

महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आधार कार्ड एवं अन्य कारणों से लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु आगामी 15 दिवस के भीतर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को नल-जल योजनाओं की चालू एवं बंद स्थिति की जानकारी प्रतिदिन जल दर्पण ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने 14 जुलाई से प्रारंभ होने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विकासखंडों में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) की अध्यक्षता में तैयारी बैठकें आयोजित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न भुगतान प्रकरणों एवं वन विभाग के सामुदायिक वन अधिकार (सीएफआर) प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

बैठक मे जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी कोतमा श्री सतीश वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी जैतहरी श्री टी.आर. नाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *