30 हजार से अधिक आवेदनों का हुआ निराकरण
अनूपपुर 23 जून 2026। जिले में जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित विशेष जनकल्याण अभियान को व्यापक सफलता मिली है। कलेक्टर हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में आयोजित जनकल्याण शिविरों के माध्यम से हजारों नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
अभियान के दौरान जिलेभर से कुल 37 हजार 353 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 30 हजार 489 आवेदनों को तत्काल स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि कुल 30 हजार 499 आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। अभियान ने प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ ही शासन की सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीण क्षेत्रों में जनजातीय बहुल पुष्पराजगढ़ विकासखंड में सर्वाधिक 12 हजार 622 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 10 हजार 551 आवेदनों का निराकरण किया गया। अनूपपुर विकासखंड में 7 हजार 130, जैतहरी में 6 हजार 662 तथा कोतमा विकासखंड में 5 हजार 656 आवेदन प्राप्त हुए। इन क्षेत्रों में राजस्व, पंचायत एवं अन्य विभागों से संबंधित अधिकांश मामलों का समयबद्ध निराकरण किया गया।
नगरीय क्षेत्रों में भी नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी व्यवस्था की गई। नगर परिषद जैतहरी में सर्वाधिक 130 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा अनूपपुर में 85, बिजुरी में 67, पसान में 63, अमरकंटक में 58, बरगवां में 53, डूमरकछार में 14, बनगवां में 12, कोतमा में 9 तथा डोला में 5 आवेदन प्राप्त हुए। नगरीय निकायों में प्राप्त अधिकांश आवेदनों का निराकरण कर नागरिकों को राहत प्रदान की गई।
कलेक्टर श्री पंचोली ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान प्राप्त शेष लंबित आवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जनकल्याण अभियान के माध्यम से जिले में सुशासन, जवाबदेही और जनसेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया है।











Leave a Reply