R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

विधवा महिला की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने उठाए सवाल, एसपी से निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग

Spread the love

सीहोर। शेखपुरा चांदबड़ निवासी तेजुबाई नाथ ने पुलिस अधीक्षक सीहोर को शिकायती आवेदन देकर अपनी पुत्री पूजा बाई नाथ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। आवेदिका का आरोप है कि मंडी थाना पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उन्हें कई दिनों तक थाने के चक्कर लगवाए। आवेदन के अनुसार, पूजा बाई नाथ विधवा थीं और अपनी दो बेटियों तथा वृद्ध मां के पालन-पोषण के लिए सीहोर स्थित नाकोड़ा बायो फ्यूल कंपनी में कार्यरत थीं। 14 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह घर से काम पर जाने के लिए निकली थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों के अनुसार, 17 जून को वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल से फोन कर उन्हें बुलाया गया और बताया गया कि पूजा बाई के सिर में गंभीर चोट लगी है। अस्पताल द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल के चिरायु अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसी दिन उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों का कहना है कि पूजा बाई के सिर में गंभीर चोट कैसे लगी, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए आशंका जताई है कि घटना के पीछे कोई गंभीर कारण हो सकता है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। आवेदिका तेजुबाई ने आरोप लगाया कि जब वह मंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचीं तो पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया और 4-5 दिन बाद आने की बात कहकर लौटा दिया। उनका कहना है कि घटना को लगभग 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी शिकायत पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस अधीक्षक से किए गए आवेदन में आवेदिका ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। अब इस मामले में पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *