खलघाट: भीषण गर्मी में नर्मदा घाट बना सुकून का ठिकाना, शाम होते ही उमड़ रही भीड़

Spread the love

खलघाट। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच खलघाट स्थित मां नर्मदा घाट लोगों के लिए राहत का बड़ा केंद्र बन गया है। तापमान बढ़ने के साथ ही बड़ी संख्या में लोग सुबह और खासकर शाम के समय घाट पर स्नान के लिए पहुंच रहे हैं।

सूरज ढलते ही घाट पर रौनक बढ़ जाती है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ठंडे पानी में उतरकर गर्मी से राहत महसूस करते नजर आते हैं। कई परिवार एक साथ पहुंचकर नदी किनारे समय बिताते हैं और मौसम का आनंद लेते हैं। इन दिनों गर्मी की छुट्टियों के चलते बच्चों की संख्या भी अधिक दिखाई दे रही है, जिससे शाम के समय भीड़ और बढ़ जाती है।

खलघाट का ब्रिटिश काल में बना पत्थर का पुल यहां आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नेशनल हाईवे पर स्थित होने के कारण यहां बाहर से आने वाले पर्यटक, बसें और निजी वाहन भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

हालांकि बढ़ती भीड़ के चलते सुरक्षा को लेकर सतर्कता की जरूरत महसूस की जा रही है। घाट पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हर साल गर्मी के मौसम में यहां इसी तरह की भीड़ देखने को मिलती है और नर्मदा घाट लोगों को राहत देने का प्रमुख स्थल बना रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *