नटेरन/शमशाबाद। मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर के तीसरे एवं अंतिम दिन नटेरन में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। तीन दिवसीय शिविर में कुल 1017 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 802 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर समय-सीमा में निराकरण के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
अंतिम दिवस में 339 आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टालों पर पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। मौके पर ही समस्याओं का समाधान मिलने से दूर-दराज से आए आवेदक संतुष्ट नजर आए।
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अजय प्रताप सिंह पटेल पूरे समय शिविर में मौजूद रहे। उन्होंने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने शिविर में नटेरन मुख्यालय पर पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति बाधित होने, नालियों की सफाई नहीं होने तथा बारिश से पहले सफाई कार्य कराने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। नल चालकों ने तीन माह से वेतन नहीं मिलने की समस्या भी रखी। इस पर एसडीएम ने सचिव अभिषेक तिवारी को तत्काल बुलाकर नल चालकों के भुगतान और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सीमांकन संबंधी आवेदनों पर पटवारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं भारत गैस एजेंसी के कई उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत की। ग्राम कनारी निवासी विष्णु रघुवंशी ने बताया कि बुकिंग और ओटीपी प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। एसडीएम ने खाद्य अधिकारी मीना सोनी को तत्काल कार्रवाई कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
समापन सत्र में एसडीएम अजय प्रताप सिंह पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि यशपाल सिंह रघुवंशी, जनपद सदस्य अंशुज प्रसाद शर्मा, एपीओ अर्चना शर्मा, नटेरन एवं शमशाबाद के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पमारिया निवासी गिरजा मीणा को ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट बगिया विकास के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में कई हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर की तीन बड़ी सफलता की कहानियां
1. श्रुति पाल का मिनटों में बना आयुष्मान कार्ड
बम्होरी निवासी श्रुति पाल लंबे समय से आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए परेशान थीं। शिविर में तैनात कर्मचारियों ने उनका कार्ड तत्काल बनाकर सौंपा। श्रुति ने कहा कि योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है और उन्होंने शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
2. सिमरन कुशवाह के आधार में सुधरी जन्मतिथि
नटेरन की छात्रा सिमरन कुशवाह के आधार कार्ड में जन्मतिथि गलत दर्ज होने से उनकी अपार आईडी और छात्रवृत्ति संबंधी कार्य अटके हुए थे। शिविर में आधार स्टाल पर कर्मचारियों ने तुरंत संशोधन कर उनकी समस्या का समाधान किया।
3. प्रेमसिंह धाकड़ को मिला पशुपालन लोन स्वीकृति पत्र
डंगरवाड़ा निवासी प्रेमसिंह धाकड़ ने आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना के तहत आवेदन किया। शिविर में ही आवेदन स्वीकृत हुआ और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शमशाबाद द्वारा उन्हें लोन स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इससे वे अपने पशुपालन व्यवसाय का विस्तार कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री जन कल्याण शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।












Leave a Reply