📰 पूरी खबर:
डिंडोरी जिले के मेहदवानी थाना क्षेत्र के राजगढ़ी घाट में रविवार को तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क किनारे बैठे मवेशियों को कुचल दिया। हादसे में चार मवेशियों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि हाइवा क्रमांक एमपी 19 जेडबी 6863 मंडला जिले के चाबी क्षेत्र स्थित रेत खदान से रेत भरकर शहपुरा की ओर जा रहा था। राजगढ़ी घाट के पास सड़क किनारे बैठे मवेशियों को वाहन ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो मवेशी हाइवा के नीचे दब गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से दबे हुए मवेशियों को बाहर निकलवाया। इसके बाद पशु चिकित्सक की टीम ने मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में मवेशियों का अंतिम संस्कार भी करवाया।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। मेहदवानी थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एल. मरकाम ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। वाहन को जब्त कर चालक की तलाश की जा रही है