📰 पूरी खबर:
पन्ना जिले के अजयगढ़ में पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी संतान प्राप्ति की पूजा कराने का झांसा देकर लोगों से आभूषण लेते थे और फिर उन्हें चोरी कर फरार हो जाते थे।
मामला ग्राम सिमराखुर्द का है, जहां 54 वर्षीय शंकर कोंदर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक, दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे और संतान प्राप्ति के लिए पूजा कराने की बात कही। आरोपियों ने उसकी पत्नी के गहनों की पूजा करने का झांसा दिया।
आरोपियों की बातों में आकर फरियादी ने सोने का लॉकेट, चांदी की चूड़ियां और चांदी की पायल, करीब 50 हजार रुपये कीमत के आभूषण, आरोपियों को दे दिए।
इसके बाद आरोपियों ने गड्ढा खुदवाकर गहनों को पॉलीथीन में रखकर दबाने को कहा और दावा किया कि 35 दिन बाद पूजा पूरी होने पर गहने निकालने से संतान प्राप्ति होगी।
लेकिन आरोपियों के जाने के बाद जब गड्ढा खोला गया तो उसमें सिर्फ खाली पॉलीथीन मिली और गहने गायब थे।
शिकायत के बाद अजयगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पिष्टा के पास से दो संदिग्धों को पकड़ा।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आसपास के गांवों में जादू और हाथ की सफाई का खेल दिखाकर सीधे-सादे लोगों को झांसे में लेने और उनके आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, डमरू, प्लास्टिक का सांप, टाइगर टेडी, 103 अंगूठियां, बांसुरी और जादू दिखाने की सामग्री सहित घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
बरामद सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इन्साफ अली उम्र 38 वर्ष और इमरित अली उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी जिला सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।