पवई थाना अंतर्गत ग्राम नारायणपुरा में घटी एक हृदयविदारक घटना में बोरवेल में उतरने के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मृत्यु हो गई। बीते 8 दिनों में हुई इस घटना में मृतकों में पिता उजागर लाल वर्मन तथा उनके दो पुत्र अटील वर्मन एवं सतीश वर्मन शामिल हैं। इस भीषण त्रासदी से अत्यंत निर्धन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।


घटना की जानकारी मिलते ही जेके सीमेंट पन्ना प्रबंधन ने त्वरित मानवीय संवेदनशीलता और अपने सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया। जेके सीमेंट की आधिकारिक टीम ने सोमवार को अविलंब पीड़ित परिवार के निवास स्थान पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और तत्काल राहत के रूप में सूखा राशन व आवश्यक खाद्य सामग्री सुपुर्द की।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना


राहत सामग्री वितरण के दौरान स्थानीय ग्राम सरपंच, ग्राम पंचायत सचिव, जेके सीमेंट के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जेके सीमेंट द्वारा दिखाई गई इस त्वरित और मानवीय पहल की ग्रामीणों व स्थानीय प्रतिनिधियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।


जेके सीमेंट प्रबंधन ने इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया है।