📰 पूरी खबर:
उज्जैन के प्रसिद्ध गढ़कालिका मंदिर में रविवार को दर्शन व्यवस्था को लेकर किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर महाकालीनंद गिरी और पुजारी पक्ष के बीच तीखा विवाद हो गया। भीड़भाड़ के दौरान मंदिर परिसर में खड़े होने और प्रवेश व्यवस्था को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हंगामे में बदल गई।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब विवाद के बीच एक साध्वी द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने की बात सामने आई, जिससे पूरे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद महामंडलेश्वर ने पुजारी पक्ष पर अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की के आरोप लगाए तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं मंदिर प्रशासक मूलचंद जाटवा ने इसे गलतफहमी बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण सामान्य कहासुनी हुई थी, जिसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद एसडीएम और सीएसपी पुष्पा प्रजापति के साथ जीवाजीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई, जिसके बाद आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर लिया गया। राजीनामा के बाद स्थिति सामान्य हो गई और महामंडलेश्वर पुनः दर्शन के लिए मंदिर रवाना हुईं।