📰 पूरी खबर:
उज्जैन के माधव नगर थाना क्षेत्र के फ्रीगंज इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक रेस्टोरेंट में तंदूर रोटी बनाने वाले पंजाब निवासी युवक अजय का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
जानकारी के मुताबिक, युवक रेस्टोरेंट में काम करता था और वहीं पर बने कमरे में रहता था। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर युवक अचेत अवस्था में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
संचालकों के मुताबिक युवक नशे का आदी था और शुरुआती आशंका है कि अत्यधिक नशे के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। वहीं पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
फिलहाल सवाल यह बना हुआ है कि क्या यह महज एक सामान्य मौत है या इसके पीछे छिपा है कोई और रहस्य… पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।