📰 पूरी खबर:

अनूपपुर। जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग युवती की कथित नृशंस हत्या एवं घटना के प्रत्यक्षदर्शी साक्षी की संदिग्ध मौत को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला अनूपपुर ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार एवं पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा नेताओं द्वारा 24 मई 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बिजुरी निवासी नाबालिग युवती सिमरन केवट की 20 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे शासकीय चिकित्सालय बिजुरी में गंभीर अवस्था में मृत्यु हो गई थी। मृतका के परिजन एवं स्थानीय जनसमुदाय इस घटना को सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या मान रहे हैं।

ज्ञापन में आगे बताया गया कि इस घटना के कथित प्रत्यक्षदर्शी अमन यादव की भी 23 मई 2026 को बौरीडाड़ रेलवे स्टेशन के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्थानीय नागरिकों एवं परिजनों के अनुसार यह मामला भी संदिग्ध है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा मामले को सामान्य घटना बताने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि एमएलसी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट स्पष्ट नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि यह मामला योजनाबद्ध सामूहिक दुष्कर्म एवं दोहरी हत्या का प्रतीत होता है, जिसकी सूक्ष्म एवं निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ समय पूर्व भी बिजुरी नगर में एक दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई थी, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।