📰 पूरी खबर:

देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बेल टू जेल” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आदतन अपराधी किशोरसिंह राठौर की जमानत निरस्त कराकर उसे गिरफ्तार कर पुनः जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी किशोरसिंह पिता रामचंद्र राठौर निवासी दशहरा मैदान, निवाड़ नगर, इटावा के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में वर्ष 2024 में हत्या के प्रयास एवं एससी-एसटी एक्ट से संबंधित गंभीर अपराध दर्ज था। आरोपी को माननीय उच्च न्यायालय इंदौर से सशर्त जमानत मिली थी।

जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी ने न्यायालय द्वारा निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करते हुए पुनः थाना कन्नौद क्षेत्र में अपराध किया। इस संबंध में उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 835/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद जिला पुलिस ने आरोपी की जमानत निरस्त करने के लिए न्यायालय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के बाद माननीय जिला एवं सत्र न्यायालय देवास ने आरोपी की जमानत निरस्त कर गिरफ्तारी के आदेश जारी किए। आदेश के पालन में थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बताया कि ऑपरेशन बेल टू जेल के तहत ऐसे अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है जो गंभीर मामलों में जमानत पर छूटने के बाद पुनः अपराध कर रहे हैं। जिले में अब तक 247 कुख्यात अपराधियों को चिन्हित कर उनकी जमानत निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इनमें से 27 अपराधियों की जमानत निरस्त कर उन्हें दोबारा जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल, थाना प्रभारी सिविल लाइन अमित सोलंकी एवं उनकी टीम को बधाई दी है।