📰 पूरी खबर:

पलेरा/बम्हौरी कला। थाना बम्हौरी कला क्षेत्र के ग्राम कुड़ियाला में अवैध शराब बिक्री के विरोध में महिलाओं का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। गांव में कथित रूप से लंबे समय से चल रही अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर मुख्य मार्ग पर उतर आईं और चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि गांव में खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। महिलाओं का कहना है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही बम्हौरी कला पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, महिलाओं ने अवैध शराब के कारोबार पर पूर्ण रोक लगाने की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखा और जाम हटाने से इनकार कर दिया।

जाम के कारण जतारा-पलेरा मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक मार्ग बाधित रहने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अवैध शराब बिक्री पर शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी महिलाओं से चर्चा कर स्थिति सामान्य कराने के प्रयास में जुटे हुए थे।

#Rmadhyapradesh