📰 पूरी खबर:
अनूपपुर। भालूमाड़ा पुलिस ने एक अंधी हत्या के मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामला ग्राम छोहरी निवासी 18 वर्षीय सनि उर्फ मोटू सहीस की हत्या से जुड़ा है।
पुलिस को 2 जून 2026 को सूचना मिली थी कि पोखरी डैम ओसीएम छोहरी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो शव की पहचान सनि उर्फ मोटू सहीस, पिता रंजू सहीस, निवासी ग्राम छोहरी के रूप में हुई। शव क्षत-विक्षत अवस्था में था तथा उसकी कमर में रस्सी से रेत भरी बोरी बंधी हुई थी।
मृतक के पिता रंजू सहीस की रिपोर्ट पर थाना भालूमाड़ा में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ सिंह मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में गठित टीम ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि मृतक का आरोपियों के परिवार की एक युवती से पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध था। इस संबंध का युवती के परिजनों द्वारा विरोध किया जा रहा था और कई बार समझाने के बावजूद मृतक संबंध समाप्त करने को तैयार नहीं था।
इसी बात से नाराज होकर युवती के मामा ने अपने साथी, चचेरे भाई और पड़ोसी के साथ मिलकर सनि सहीस की हत्या की योजना बनाई। 29 मई 2026 की रात करीब 8:30 बजे आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम छोहरी की बड़ी पुलिया के पास ले गए, जहां रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल में ले जाकर ओसीएम के पोखरी डैम में फेंक दिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, हत्या में इस्तेमाल रस्सी तथा मृतक का मोबाइल फोन एवं दस्तावेज बरामद कर लिए हैं। चारों आरोपियों को 3 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश उपाध्याय, उप निरीक्षक डी.एस. बागरी, सहायक उप निरीक्षक चन्द्रहास बांधेकर, कमलेश शुक्ला सहित थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।