📰 पूरी खबर:
उज्जैन जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना तराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 ग्राम एमडी (MD) ड्रग्स जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आलोक कुमार शर्मा एवं एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 3 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सादीखेड़ी रोड क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ लेकर घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना तराना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोककर वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 11 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद सलीम उर्फ सल्लू पिता मोहम्मद रफीक निवासी काजी चौक, तराना तथा अली हुसैन पिता अब्दुल निवासी 40 क्वार्टर, जानसापुरा, जीवाजीगंज, उज्जैन शामिल हैं।
पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लायर और इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामनारायण सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक हरिराम अंगोरिया, आरक्षक अमरदीप सिंह, अर्चित शर्मा एवं जितेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।