📰 पूरी खबर:
उज्जैन के पवासा थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में अवैध संबंधों को लेकर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शुभम प्रजापत के शादीशुदा होने के बावजूद एक युवती से प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर युवती आए दिन उसके परिवार को परेशान कर रही थी।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी युवती शुभम के घर पहुंची, जहां उसने जमकर हंगामा और हाथापाई की। इस दौरान उसने 18 महीने की मासूम बच्ची को भी नीचे गिरा दिया। परेशान परिवार जब शिकायत दर्ज कराने पवासा थाने पहुंचा, तभी आरोपी युवती भी वहां आ धमकी।
हैरानी की बात यह रही कि थाने के ठीक बाहर ही युवती ने शुभम की पत्नी पर ब्लेड से हमला कर दिया और उसके गले पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके गले में करीब 12 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।